चुनाव से पहले वरिष्ठ पत्रकारों को पेंशन का तोहफा दे सकती है योगी सरकार ?
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के हजारों वरिष्ठ पत्रकारों की निगाहें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर लगी हैं। वर्षों से लंबित पत्रकार पेंशन योजना को लेकर अब उम्मीद की जा रही है कि सरकार जल्द कोई ठोस फैसला लेगी। प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री के पास पत्रकारों की इस पुरानी मांग को पूरा करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।
देश के कई राज्यों में वरिष्ठ पत्रकारों के लिए पेंशन योजनाएं पहले से लागू हैं। मध्य प्रदेश में पात्र वरिष्ठ पत्रकारों को ₹20,000, हरियाणा में ₹15,000, जबकि उत्तराखंड में ₹8,000 मासिक पेंशन दी जा रही है। बिहार और असम में भी पत्रकार पेंशन की व्यवस्था है। राजस्थान में वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मान निधि दी जाती है। जब देश के दूसरे राज्य अपने वरिष्ठ पत्रकारों को आर्थिक सुरक्षा दे रहे हैं, तो उत्तर प्रदेश में इस योजना के लागू होने का इंतजार आखिर कब खत्म होगा?
पत्रकारिता में अपना पूरा जीवन खपाने वाले अनेक वरिष्ठ पत्रकार आज आर्थिक असुरक्षा का सामना कर रहे हैं। जिन्होंने दशकों तक समाज की समस्याओं को उठाया, सरकार और प्रशासन को जवाबदेह बनाया तथा लोकतंत्र की आवाज बुलंद की, उनके अपने बुढ़ापे की सुरक्षा का सवाल आज भी अनुत्तरित है।
पत्रकारों की पेंशन की मांग कई वर्षों से सरकार के सामने उठती रही है। मई 2025 में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष यह विषय रखा गया था। भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने भी वरिष्ठ पत्रकारों के लिए पेंशन की जरूरत उठाई है।
29 अक्टूबर 2026 को लखनऊ में आयोजित पत्रकार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने भी इस मांग को आगे बढ़ाने और सूचना विभाग के अधिकारियों से बातचीत करने का भरोसा दिया। उनके आश्वासन से पत्रकारों में एक बार फिर उम्मीद जगी है।
लेकिन अब सवाल यह है कि इस दिशा में अगला कदम कब उठेगा? क्या सूचना विभाग ने प्रस्ताव तैयार किया है? क्या वित्त विभाग से बातचीत शुरू हुई है? और क्या सरकार 2027 से पहले इस योजना को लागू करने की घोषणा करेगी?
देश के कई राज्यों में वरिष्ठ पत्रकारों के लिए पेंशन अथवा सम्मान निधि की व्यवस्था पहले से लागू है। ऐसे में उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में भी पात्र वरिष्ठ पत्रकारों के लिए सम्मानजनक मासिक पेंशन योजना की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पत्रकार जगत की अपेक्षा है कि वे इस मामले में व्यक्तिगत रुचि लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दें। 60 वर्ष से अधिक आयु के पात्र पत्रकारों के लिए एक पारदर्शी योजना बनाकर उन्हें नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है।
यह किसी राजनीतिक लाभ या विशेष सरकारी कृपा का मामला नहीं है। यह उन लोगों के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा का सवाल है, जिन्होंने अपना जीवन पत्रकारिता और जनहित के लिए समर्पित किया है।
योगी जी, पत्रकारों ने जीवनभर समाज की आवाज उठाई है। अब उनके बुढ़ापे की आवाज सुनने की बारी सरकार की है। वर्षों से मिल रहे आश्वासनों को अब सरकारी आदेश में बदलने का समय आ गया है।
