इंस्टाग्राम पर AI से होगी किशोरों की उम्र की पहचान
नई दिल्ली: सोशल मीडिया कंपनी Meta ने Instagram पर AI आधारित उम्र पहचानने वाली तकनीक को दुनियाभर में लागू करने का ऐलान किया है। इस तकनीक की मदद से उन किशोरों के अकाउंट की भी पहचान की जा सकेगी, जिन्होंने अपनी प्रोफाइल में उम्र 18 साल या उससे अधिक दर्ज की है।
Meta का AI सिस्टम यूजर्स की जन्मतिथि के अलावा उनकी पोस्ट, कमेंट, बायो और कैप्शन में मौजूद जानकारियों का विश्लेषण करेगा। स्कूल की कक्षा और जन्मदिन से जुड़े संकेतों के आधार पर भी उम्र का अनुमान लगाया जाएगा।
13 से 17 साल के संभावित किशोर यूजर्स के अकाउंट को Instagram के Teen Account में शामिल किया जाएगा। इन अकाउंट्स में प्राइवेसी डिफॉल्ट रूप से मजबूत रहेगी और अनजान लोगों के संपर्क, आपत्तिजनक कंटेंट तथा हानिकारक कमेंट्स पर पाबंदियां होंगी।
कंपनी Facebook और Messenger पर भी इस तकनीक का विस्तार कर रही है, जबकि Threads पर इसे वैश्विक स्तर पर शुरू करने की योजना है। Meta के मुताबिक, अमेरिका में माता-पिता को इस महीने से Instagram पर उम्र के अनुसार सुरक्षा सेटिंग्स से जुड़ी सूचनाएं मिलनी शुरू होंगी।
यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब सोशल मीडिया के बच्चों और किशोरों पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर Meta को कानूनी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, विशेषज्ञों ने उम्र पहचानने वाली तकनीक को लेकर निजता, डेटा सुरक्षा और गलत उम्र निर्धारण जैसी चिंताएं भी जताई हैं।
