Semicom - भारत की सबसे छोटी चिप जल्द ही दुनिया में सबसे बड़ा बदलाव लाएगी

भारत की सबसे छोटी चिप जल्द ही दुनिया में सबसे बड़ा बदलाव लाएगी

Uncategorized

दुनिया भारत के साथ सेमीकंडक्टर भविष्य के निर्माण के लिए तैयार

नई दिल्ली – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली स्थित यशोभूमि में ‘सेमीकॉन इंडिया – 2025’ का उद्घाटन किया, जिसका उद्देश्य भारत के सेमीकंडक्टर पारिस्थितिकी तंत्र को गति प्रदान करना है। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री ने देश-विदेश के सेमीकंडक्टर उद्योग के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों और उनके सहयोगियों की उपस्थिति का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विभिन्न देशों के विशिष्ट अतिथियों, स्टार्टअप से जुड़े उद्यमियों और देश भर के विभिन्न राज्यों से आए युवा छात्रों का स्वागत किया।

मोदी ने कहा कि वह कल रात जापान और चीन की अपनी यात्रा से लौटे हैं और आज वह यशोभूमि में दर्शकों के बीच उपस्थित हैं, जो आकांक्षाओं और आत्मविश्वास से भरा एक हॉल है। प्रौद्योगिकी के प्रति अपने जुनून का उल्लेख करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी हालिया जापान यात्रा के दौरान, उन्हें जापानी प्रधानमंत्री महामहिम श्री शिगेरु इशिबा के साथ टोक्यो इलेक्ट्रॉन कारखाने का दौरा करने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि उस कंपनी के सीईओ आज दर्शकों के बीच मौजूद हैं। प्रधानमंत्री ने ज़ोर देकर कहा कि तकनीक के प्रति उनका रुझान उन्हें बार-बार ऐसे लोगों के बीच लाता है। उन्होंने कहा कि आज दर्शकों के बीच उपस्थित होकर उन्हें बहुत खुशी हो रही है।