एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI-171 से जुड़ी दुर्भाग्यपूर्ण घटना से पूरा देश स्तब्ध

Uncategorized

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI-171 से जुड़ी दुर्भाग्यपूर्ण घटना से पूरा देश स्तब्ध है और देश के सभी नागरिक इस त्रासदी में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के साथ एकजुटता से खड़े हैं। श्री शाह ने कहा कि भारत सरकार, गुजरात सरकार और प्रधानमंत्री की ओर से वे उन सभी लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं जिन्होंने अपनी जान गंवाई है।

गृह मंत्री ने कहा कि दुर्घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद गुजरात सरकार ने स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग, पुलिस विभाग और भारत सरकार के केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) सहित सभी आपदा प्रबंधन इकाइयों को सतर्क कर दिया और सभी एजेंसियों ने मिलकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। भारत सरकार और गुजरात सरकार राहत और बचाव कार्यों में संयुक्त रूप से लगी हुई हैं।

श्री अमित शाह ने कहा कि विमान में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों सहित कुल 230 यात्री और 12 चालक दल के सदस्य सवार थे। गृह मंत्री ने अस्पताल में दुर्घटना में बचे घायलों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि मृतकों की आधिकारिक संख्या डीएनए जांच पूरी होने के बाद ही घोषित की जाएगी। घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों के डीएनए सैंपलिंग की प्रक्रिया भी अगले 2-3 घंटों में पूरी कर ली जाएगी। श्री शाह ने कहा कि विदेश में रहने वाले मृतक यात्रियों के परिजनों को पहले ही सूचित कर दिया गया है और उनके भारत पहुंचने पर उनके डीएनए सैंपल लिए जाएंगे।